हाथरस के सिकंदरा राव कोतवाली क्षेत्र के गांव पोरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव देर रात घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुमित पुत्र सुनहरी लाल के रूप में हुई है, जो एक सैलून पर काम करता था। परिवार के सदस्यों ने जब सुमित को फांसी पर लटका देखा, तो उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मृतक के भाई मोहित ने बताया कि सुमित का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी पिछले कई महीनों से दिल्ली में रह रही थी। मोहित के अनुसार, घटना से ठीक पहले सुमित के कुछ ससुरालीजन उससे मिलने आए थे। इस घटना के बाद वे सभी वहां से गायब हो गए। मोहित ने आशंका जताई है कि उसके भाई सुमित की हत्या की गई है। मृतक सुमित अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच पड़ताल शुरू कर दी है।









