हाथरस। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से भट्ठे पर मजदूरी करने वाले एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि थाना मुरसान क्षेत्र के सादाबाद रोड स्थित गांव बांका के पास एक ईंट भट्ठे पर 35 वर्षीय अखिलेश पुत्र कल, निवासी गांव मगरोठ, जनपद हमीरपुर अपने परिवार के साथ मजदूरी करता था। 5 मार्च को अखिलेश किसी काम से बाजार गया हुआ था और वापस भट्ठे पर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद परिजन उसे इलाज के लिए आगरा के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मजदूर की मौत से परिवार में मातम छा गया है। मृतक की पत्नी ने बताया कि अखिलेश अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। उन्होंने भट्ठा मालिक पर आरोप लगाया कि घटना के बाद से वह पीड़ित परिवार का फोन तक नहीं उठा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उनके पास शव को गांव ले जाने तक के लिए पैसे नहीं हैं।









