हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव चिरायल में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव गंथरी शाहपुर निवासी कृपाल सिंह की 28 वर्षीय बेटी लक्ष्मी देवी की शादी करीब पांच वर्ष पहले गांव चिरायल निवासी मंटू के साथ हुई थी। मंटू अपने भाई के साथ फरीदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है और घटना के समय दोनों भाई घर पर नहीं थे। बताया जाता है कि रविवार रात लक्ष्मी देवी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थीं।
सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आईं तो घर में मौजूद ससुर ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर झरोखे से देखा गया तो लक्ष्मी देवी फंदे पर लटकी दिखाई दीं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि विवाहिता की शादी को पांच वर्ष हो चुके थे और उसकी कोई संतान नहीं थी।
कोतवाल प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा मृतका के मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।









