पत्नी से विवाद के बाद पति ने उठाया आत्मघाती कदम, कीटनाशक खाकर दी जान

0
7

 

हाथरस के सादाबाद में रविवार को पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने अपने घर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे आगरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, सादाबाद के पशु अस्पताल गली निवासी सोनू पुत्र रमाशंकर की पत्नी लगभग ढाई महीने पहले घर में हुए झगड़े के बाद अपने मायके चली गई थी। रविवार को सोनू अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल गया था।

बताया जाता है कि ससुराल में पति-पत्नी और ससुरालजनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद सोनू नाराज होकर अकेला ही अपने घर सादाबाद लौट आया।

परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद सोनू ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में भी हालत में सुधार न होने पर उसे आगरा ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक सोनू सादाबाद के विनोबा नगर चौराहे पर कचौरी की ठेल लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here