अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का किया गया आयोजन

0
9

 

हाथरस।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हाथरस कलेक्ट्रेट सभागार में महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख हाथरस श्रीमती पूनम पांडे रहीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स और मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्यमंत्री द्वारा किया गया सजीव प्रसारण भी सभागार में दिखाया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं ने ध्यानपूर्वक सुना।

इस अवसर पर कन्या गुरुकुल की छात्रा शिखा आर्या ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित कविता प्रस्तुत की, वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि महिलाएं ही परिवार और समाज की असली आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि एक मकान को घर का स्वरूप देने का कार्य महिलाएं ही करती हैं और उनकी खुशहाली से पूरे परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इस दौरान उन्होंने “आसान नहीं है नारी होना” शीर्षक से काव्य पाठ भी किया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि एक मां ही अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है और उन्हें बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने महिलाओं से समाज में सशक्त भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वहीं ब्लॉक प्रमुख हाथरस श्रीमती पूनम पांडे ने कहा कि आज की नारी किसी भी मायने में पुरुषों से कम नहीं है, आवश्यकता केवल आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को अतिथिगणों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, जबकि जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या ने कार्यक्रम का परिचय देते हुए महिलाओं को अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, महिला कार्मिक और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here