हाथरस जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सादाबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के निकट पर्यवेक्षण में थाना सादाबाद पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने आगरा–सादाबाद रोड पर पचौरी ढाबा के पास सीस्ता रोड से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त के कब्जे से करीब 410 ग्राम नशीला पदार्थ डायजापाम बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अखिलेश उर्फ नैहना के रूप में हुई है, जो शातिर किस्म का अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त पहले भी जेल जा चुका है और इसके खिलाफ हाथरस जनपद में एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना सादाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।









