हाथरस के सासनी में अधिवक्ता के बेटे के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर अधिवक्ताओं में भारी रोष देखने को मिला है।
दरअसल, अधिवक्ता सुदर्शन शर्मा के बेटे पर हुए जानलेवा हमले में नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने से नाराज सासनी के अधिवक्ताओं ने आज विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने द बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह के नेतृत्व में सासनी उपजिलाधिकारी नीरज शर्मा को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
अधिवक्ताओं का कहना है कि पुलिस द्वारा अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे अधिवक्ता समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सभी अधिवक्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हाथरस पुलिस प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने वालों में एडवोकेट संजीव कुमार, एडवोकेट मधुकर नगायच, एडवोकेट प्रशांत पाठक, एडवोकेट योगेंद्र शर्मा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।









