हाथरस।रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत गेहूं खरीद को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमला प्रसाद यादव ने बताया कि जनपद में 17 मार्च 2026 से गेहूं खरीद शुरू होगी, जो 15 जून 2026 तक चलेगी। इसके लिए जिले में कुल 43 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें खाद्य विभाग के 7, पीसीएफ के 34 और भारतीय खाद्य निगम के 2 केंद्र शामिल हैं। तहसील हाथरस में 11, सादाबाद में 9, सिकंदराराऊ में 18 और सासनी में 5 क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्र निर्धारित स्थान पर ही संचालित हों और किसानों को जानकारी देने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाए। केंद्रों पर ई-पॉप मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र सहित सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष से 160 रुपये अधिक है। किसान गेहूं बेचने के लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in या किसान मित्र एप पर पंजीकरण करा सकते हैं। अभी तक 115 किसानों ने पंजीकरण कराया है।
कार्यशाला में मंडी समिति के सचिव, पीसीएफ के जिला प्रबंधक, एडीसीओ और सभी गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।









