हाथरस के विकासखंड मुरसान के वर्धवारी में सीएसआर फंड के अंतर्गत लगभग 500 विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु निर्माणाधीन सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। साथ ही अब तक जारी धनराशि के सापेक्ष कार्य की प्रगति भी संतोषजनक बताई गई। उन्होंने निर्देश दिए कि उपलब्ध धनराशि के अंतर्गत सभी शेष कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी मिली कि विद्यालय निर्माण के लिए उपलब्ध भूमि पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया गया था। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि तहसील स्तरीय टीम को मौके पर भेजकर नजरी नक्शे के आधार पर दोबारा पैमाइश कराई जाए। यदि विद्यालय की भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने परिसर में स्थित विद्यालय को बाउंड्री वॉल के अंदर शामिल करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और विद्यालय परिसर सुरक्षित व व्यवस्थित बना रहे।









