हाथरस। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जनपद के 168 लाभार्थियों के खातों में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रति लाभार्थी एक-एक लाख रुपये की पहली किस्त हस्तांतरित की गई।
इस योजना के तहत नगर पालिका परिषद हाथरस के 51 लाभार्थियों, नगर पंचायत मैण्डू के 93 लाभार्थियों, नगर पंचायत सहपऊ के 10 लाभार्थियों, नगर पंचायत सादाबाद के 9 लाभार्थियों तथा नगर पंचायत पुरदिलनगर के 5 लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेजी गई।
कार्यक्रम के दौरान योजना के अंतर्गत चयनित 10 लाभार्थियों को सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र तथा परियोजना निदेशक द्वारा आवास स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
यह कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट/परियोजना अधिकारी डूडा, डूडा के अन्य कर्मचारी तथा विभिन्न नगर निकायों से आए लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।









