जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई आयोजित,

0
10

 

हाथरस।जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, एफआरयू, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण, क्षय रोग उन्मूलन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंबुलेंस सेवाएं 108 और 102, पीपीपी परियोजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना, टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा पीसीपीएनडीटी सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थित निष्प्रयोज्य भवनों का मूल्यांकन लोक निर्माण विभाग से कराकर आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण कराया जाए। साथ ही मलबे की नियमानुसार नीलामी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अस्पताल परिसरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोलर प्लांट स्थापित करने हेतु कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।


सिकंदराराऊ ट्रॉमा सेंटर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और अन्य संस्थानों में भी गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निजी अस्पतालों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बिना सर्जन और एनेस्थेटिस्ट के ऑपरेशन किए जाने की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे अस्पतालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अल्ट्रासाउंड केवल चिकित्सक की उपस्थिति में ही किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एमओआईसी को दो दिवस के भीतर आवश्यक संसाधनों की मांग प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयरन सुक्रोज सप्ताह की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here