सासनी के सिंघर में नाले पर पल निर्माण हुआ शुरू:ग्रामीणों को जलभराव और फसल बर्बादी से मिलेगी राहत

0
8

 

हाथरस के सासनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंघर में वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक अंजुला सिंह माहौर के विशेष प्रयासों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वीकृति के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा गंदे नाले पर पुल निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। इस विकास कार्य से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्राम पंचायत सिंघर के ग्रामीण लंबे समय से नाले की समस्या से जूझ रहे थे। हल्की सी बरसात होते ही नाले का गंदा पानी उफनकर गांव के खेतों और गलियों में घुस जाता था। इसके कारण किसानों की तैयार खड़ी फसलें भी बर्बाद हो जाती थीं। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद विधायक अंजुला सिंह माहौर ने मुख्यमंत्री से इस पुल के निर्माण का अनुरोध किया था।

पुल का निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्राम प्रधान श्रीमती रजनी तोमर और प्रधान प्रतिनिधि कुमार कन्हैया सिंह तोमर ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह पुल गांव के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान कोमल सिंह तोमर सहित तमाम क्षेत्रवासियों ने विधायक और प्रदेश सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें बरसात के दिनों में फसल बर्बादी और गंदगी से राहत मिलेगी।

प्रधान प्रतिनिधि कुमार कन्हैया सिंह तोमर ने कहा, कि “मुख्यमंत्री जी और विधायक के प्रयासों से आज गांव की सबसे बड़ी समस्या का अंत होने जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू होने से पूरे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here