हाथरस के न्याय पंचायत कुरसंडा के प्राथमिक विद्यालय प्रथम में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान योग अभ्यास, स्वच्छता अभियान और मतदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. मृदुला गौतम के निर्देशन में संपन्न हुआ।
- शिविर के तीसरे दिन मंगलवार को प्रातःकाल स्वयंसेवकों ने योग अभ्यास किया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। मतदान जागरूकता अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने कुरसंडा गांव में रैली निकाली, जिसमें ग्रामीणों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के बारे में बताया गया।

दोपहर के सत्र में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आए फिजिशियन डॉ. जगदीश और डॉ. देवांशी तोमर ने सभी स्वयंसेवकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर परामर्श दिया। दंत चिकित्सक डॉ. राकेश पिप्पल ने स्वयंसेवकों को दांतों की सही सफाई के तरीके बताए और दंत रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण विषय पर एक भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में लक्ष्मी ने प्रथम, अनु ने द्वितीय और डिंपल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
यह कार्यक्रम कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराधा अग्रवाल और रोवर्स प्रभारी श्री नीरज उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसे सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार का सक्रिय सहयोग रहा।









