हाथरस। भारतीय किसान यूनियन (अमर टिकैत) के तत्वावधान में गुरुवार को बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह धरना-प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रोहित कुमार ठाकुर के नेतृत्व में स्थानीय बिजलीघर पर आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के गलत बिजली बिलों को प्राथमिकता के आधार पर संशोधित करने की मांग भी उठाई गई।
किसान यूनियन ने स्मार्ट मीटर प्रणाली को पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने, मीटर रीडर एवं डिजिटल टीमों की कार्यप्रणाली की जांच कराने तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की भी मांग की। इन सभी मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने ओढ़पुरा बिजलीघर पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष अलीगढ़-आगरा रोहित ठाकुर, मनवीर सिंह, रामकिशन, भूपेंद्र चौधरी, जिला अध्यक्ष रोहित सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।









