उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम का किया गया आयोजन,

0
6

हाथरस में उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक सदर, जिलाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि सहित कई जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने फीता काटकर उद्घाटन किया और उनका अवलोकन किया। साथ ही सभागार में लखनऊ से आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन को उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। कार्यक्रम के दौरान सरकार की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत कक्षा 6, 7 और 8 की मेधावी छात्राओं को स्टेशनरी किट तथा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की छात्राओं को 5000 रुपये के डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता कर जनपद में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और लाभार्थी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here