हाथरस। व्यापारी से फोन पर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है। मामले का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा एवं क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र कृष्ण नारायण ने प्रेस वार्ता के दौरान किया।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को राजू वार्ष्णेय ने थाना हाथरस गेट में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि विभिन्न मोबाइल नंबरों से उससे फोन पर रंगदारी मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया, जिनमें एसओजी, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट की पुलिस शामिल रही। टीमों द्वारा सर्विलांस व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।









