हाथरस। शनिवार को ईद-उल-फितर के पर्व पर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। कोतवाली सदर क्षेत्र के मुरसान गेट स्थित ईदगाह में सुबह 7:45 बजे नमाज अदा कराई गई, जहां हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए। अकीदतमंदों ने जानमाज और चादर बिछाकर नमाज अदा की।
इस अवसर पर मौलाना इकबाल ने नमाज अदा कराई और मुल्क व कौम की तरक्की के लिए दुआ मांगी। इससे पूर्व हारुन नदवी ने तकरीर पेश करते हुए देश और समाज की उन्नति की कामना की तथा खाड़ी देशों में चल रहे संघर्षों के समाप्त होने की अपील की।
नमाज के बाद ईदगाह के पास फितरा और जकात का वितरण किया गया। इसके पश्चात लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। जिले की अन्य मस्जिदों में भी शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई।
ईदगाह के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर राहत अहमद कुरैशी ने प्रशासन के सहयोग की सराहना की। इस दौरान एसडीएम सदर राजबहादुर, सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा और कोतवाली निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।









