हाथरस।विश्व क्षय रोग दिवस 2026 के अवसर पर जनपद हाथरस के कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायत सम्मान समारोह एवं 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान का भव्य शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम में मा० विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की उपस्थिति में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के अंतर्गत 66 ग्राम प्रधानों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएचओ, कर्मचारियों एवं समाजसेवियों को महात्मा गांधी जी की प्रतिमा और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 10 टीबी रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री वितरित की गई तथा ‘निःक्षय वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अपने संबोधन में विधायक सदर ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लें तथा स्वच्छता और जागरूकता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा के माध्यम से टीबी का पूर्ण उपचार संभव है, यदि समय पर जांच और इलाज कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित सभी व्यक्तियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की और कहा कि उनका कार्य अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी से मिलकर स्वस्थ समाज के निर्माण की अपील की।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने जानकारी दी कि दो ग्राम पंचायतें लगातार 2023 से टीबी मुक्त हैं, 16 पंचायतें दो वर्षों से और 48 पंचायतें पहली बार टीबी मुक्त घोषित हुई हैं, जिन्हें गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणी में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सभी ने टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक संकल्प लिया।









