हाथरस। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव बिशनदास के एक युवक का शव करबन नदी में मिलने के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुष जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार गांव बिशनदास निवासी रितेश उर्फ छोटू 13 मार्च से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद 21 मार्च को उसका शव करबन नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिजनों ने गांव के चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज होकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।
बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और हाथों में रितेश की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर न्याय की मांग की। जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत होकर अपने गांव लौट गए, लेकिन परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दौरान मुरसान नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह, प्रबल पूनिया, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, प्रताप चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।









