हाथरस। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने प्रशासन को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे।
एक ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित था, जबकि दूसरा ज्ञापन जिलाधिकारी को जनपद हाथरस की स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए दिया गया।
धरने को संबोधित करते हुए चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि आम जनता बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है। गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल के बढ़ते दामों के कारण खाद्य सामग्री भी महंगी होती जा रही है।
ज्ञापन में स्मार्ट मीटर व्यवस्था से उपभोक्ताओं को हो रही समस्याएं, बदहाल विद्युत व्यवस्था, झूलती हाईटेंशन लाइनें, जर्जर सड़कें, शहर में फैली गंदगी, शहीद पार्कों की दुर्दशा, जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी और गंभीर चिकित्सा सुविधाओं के अभाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जनहित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, किसान प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष जयशंकर पाराशर, जिला उपाध्यक्ष पंडित ऋषि कुमार कौशिक, जैनुद्दीन जैन एडवोकेट, महिला शहर अध्यक्ष आमना बेगम, पीसीसी सदस्य बीना गुप्ता एडवोकेट, महिला जिला अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, पूर्व जिला सचिव हरिशंकर वर्मा सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।









