हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के बिसाना गांव में रामनवमी मेले के दौरान मारपीट और अफवाह के चलते एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। 
जानकारी के अनुसार, बीती रात तारागढ़ मंदिर के पास लगे मेले के दौरान पीतांबर उर्फ पप्पू पुत्र खेमकरण सिंह के खेत में कुछ युवक शराब पी रहे थे। पीतांबर ने उन्हें वहां शराब पीने से रोका, जिस पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल पीतांबर को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच गांव में यह अफवाह फैल गई कि उसकी मौत हो गई है। यह खबर जब उसकी 60 वर्षीय मां कमला देवी तक पहुंची, तो वह गहरे सदमे में आ गईं और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। ग्रामीण हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल पीतांबर का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









