हाथरस। शहर के बागला डिग्री कॉलेज में पुरातन छात्र परिषद सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वर्तमान छात्र-छात्राएं, पूर्व छात्र और पूर्व अध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंधक, प्राचार्य एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता की।
सम्मेलन का उद्देश्य महाविद्यालय के उन पूर्व छात्रों का सम्मान करना था, जो आज विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और पूर्व अध्यापकों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर शरद महेश्वरी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने बताया कि महाविद्यालय के सभी पुराने छात्रों को एक मंच पर एकत्रित करने के लिए यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बागला महाविद्यालय के अनेक छात्र आज आईएएस, आईपीएस, प्रोफेसर और विभिन्न विभागों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पुरातन छात्र परिषद के गठन का उद्देश्य महाविद्यालय के सामाजिक योगदान को उजागर करना और सफल पूर्व छात्रों को जोड़कर संस्थान को और सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, पूर्व अध्यापकों और बड़ी संख्या में छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही।









