भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस का आंतरिक निरीक्षण किया। इस दौरान गोदाम के दरवाजों की सील सभी प्रतिनिधियों के सामने खोली गई और अंदर सुरक्षित रखी गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस की साफ-सफाई दुरुस्त रखने, दीवारों की स्थिति बेहतर करने और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी जांची और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस में रखी सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनें पूरी तरह सुरक्षित हैं और यहां 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहता है। निरीक्षण के बाद भ्रमण पंजिका में हस्ताक्षर भी किए गए।
इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और बीजेपी, समाजवादी पार्टी, बीएसपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और सीपीआईएम सहित कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









