हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कुंवरपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की गर्दन पर चोट के निशान मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय अर्शी का शव घर में संदिग्ध अवस्था में मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर गहरे निशान देखे। इसके बाद उसे वापस गांव ले जाया गया। सूचना मिलने पर मृतका की मां शबाना और मायके पक्ष के अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
मृतका की मां शबाना ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2021 में कुंवरपुर निवासी इरफान (ऑटो चालक) से की थी। शादी के बाद अर्शी के दो बच्चे भी हुए। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में मोटरसाइकिल और जेवरात की मांग को लेकर अर्शी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर अर्शी की हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके।









