हाथरस।प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से आयोजित कार्यक्रम के तहत जनपद हाथरस में आंगनबाड़ी सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
इस दौरान नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, बाल विकास परियोजना कार्यालय का शिलान्यास, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन व ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरण तथा कार्यकत्री/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें विधायक सि0राऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि राजेश गुड्डू, जिलाधिकारी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जनपद के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया, वहीं बाल विकास परियोजना सि0राऊ में बनने वाले कार्यालय का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से किया गया।
जनपद में रिक्त 680 सहायिका पदों के सापेक्ष 478 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इनमें से खंड विकास हसायन व सहपऊ की 21 सहायिकाओं को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त सहायिकाओं को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और कुपोषित बच्चों व महिलाओं के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों व नव नियुक्त सहायिकाओं को पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।









