विशेष संचारी रोग अभियान एवं दस्तक अभियान का हुआ भव्य शुभारंभ

0
2

 

हाथरस।आज दिनांक 01 अप्रैल 2026 को जनपद में संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग अभियान एवं दस्तक अभियान का भव्य शुभारम्भ किया गया। यह अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा।

इस अभियान का शुभारम्भ सदर विधायिका अंजुला माहौर द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव रॉय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.एन. सिंह, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट, जिला मलेरिया अधिकारी सहित समस्त स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

रैली में स्कूली विद्यार्थियों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
बताया गया कि संचारी रोग अभियान के तहत विभिन्न विभाग मिलकर कार्य करेंगे। इसके अंतर्गत रैलियों, गोष्ठियों, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से मच्छरों से फैलने वाले रोगों के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा।
वहीं, 10 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। साथ ही बुखार, आईएलआई, क्षय रोग, कुष्ठ रोग और कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाएगी।
नगर विकास और पंचायती राज विभाग द्वारा साफ-सफाई, नालियों की मरम्मत, झाड़ियों की कटाई और जलभराव वाले स्थानों पर दवा का छिड़काव कराया जाएगा। इसके साथ ही हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा।
आंगनवाड़ी विभाग कुपोषित बच्चों की पहचान करेगा, जबकि पशुपालन विभाग द्वारा सूकर पालकों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद को संचारी रोगों से मुक्त बनाना और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here