हाथरस।हनुमान जयंती के पावन एवं शुभ अवसर पर भारत समाचार की टीम एवं हाथरस-अलीगढ़ मंडल प्रभारी शम्मी गौतम के नेतृत्व में सब्जी-पूड़ी प्रसादी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं आस्था का वातावरण देखने को मिला।
प्रसादी वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा, जहां सभी ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण करते हुए हनुमान जी महाराज के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्य रूप से एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राघव तथा एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने श्री हनुमान जी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंडल प्रभारी शम्मी गौतम द्वारा उपस्थित अधिकारियों को श्री हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं।
पूरे कार्यक्रम में अनुशासन एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम का समापन भक्तों के उत्साह और भक्ति भाव के साथ सफलतापूर्वक हुआ।









