हाथरस जिले की सदर तहसील के बाहर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला अपने पति की जमानत कराने के लिए तहसील पहुंची थी, तभी पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उससे नोकझोंक शुरू कर दी, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
घटना हाथरस गेट थाना क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित सदर तहसील के सामने की है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि महिला का पति शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह उसकी जमानत कराने आई थी। इस दौरान विवाद हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
पीड़िता ने हाथरस गेट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है।









