हाथरस।उ0 प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेश के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस की सचिव अनु चौधरी ने वन स्टॉप सेंटर, हाथरस का निरीक्षण किया।
दिनांक 03 फरवरी 2026 को किए गए इस निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप सेंटर की संचालिका मनीषा भारद्वाज सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। निरीक्षण के समय केंद्र में छह पीड़ित महिलाएं भी उपस्थित मिलीं।
सचिव अनु चौधरी ने पीड़ित महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया, जो संतोषजनक पाई गई। इसके अलावा काउंसलर के आने-जाने और कार्य व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सचिव अनु चौधरी ने संचालिका को यह भी निर्देशित किया कि केंद्र पर आने वाली सभी पीड़ित महिलाओं की सूचना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके मामलों को प्री-लिटिगेशन स्तर पर दर्ज कर उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।









