हाथरस।सादाबाद पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए केला व्यापारी से हुई लूट की घटना का सफल खुलासा किया है। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे सादाबाद क्षेत्र में एक केला व्यापारी अपने प्लांट से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में चार बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर उसके साथ मारपीट की और करीब चार लाख रुपये, सोने की अंगूठी, कड़ा और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में 4 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा वारदात की फिराक में हैं। चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी शिवम घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने कांबिंग ऑपरेशन चलाकर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, कारतूस, लूट के 1 लाख 97 हजार रुपये, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









