हाथरस।इंडियन नेशनल कांग्रेस के कैंप कार्यालय पर बाबू जगजीवन राम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बाबू जगजीवन राम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे आयोजन में सम्मान व गरिमा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबू जगजीवन राम केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के महान प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन दलित, शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि बाबूजी ने श्रम, कृषि, रेल और रक्षा मंत्री के रूप में कई ऐतिहासिक फैसले लिए, जिनसे देश की प्रगति को नई दिशा मिली। खासकर हरित क्रांति को मजबूत करने और किसानों के हितों को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके साथ ही 1971 के युद्ध के दौरान रक्षा मंत्री के रूप में उनके नेतृत्व को भी याद किया गया, जिसे आज भी देश गर्व के साथ याद करता है। वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए संघर्ष, सेवा और सामाजिक न्याय की प्रेरणा है।
इस मौके पर कई वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









