मुख्य चिकित्साधिकारी राजीव राय ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का किया औचक निरीक्षण

0
1

 

हाथरस।मुख्य चिकित्साधिकारी, हाथरस डा० राजीव राय द्वारा दिनांक 05 अप्रैल 2026 को जनपद के विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपस्थिति, साफ-सफाई एवं दवा उपलब्धता का गहन मूल्यांकन किया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, मई (सादाबाद) के निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी डा० नीरज कुमार अनुपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका में 01 अप्रैल 2026 से उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं थी। केन्द्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। जन आरोग्य मेले में निरीक्षण तक 19 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जबकि प्रतिदिन लगभग 35-40 मरीजों के आने की जानकारी दी गई। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी मानक से कम पाई गई, जिसे पूर्ण करने एवं अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिलारा (सादाबाद) में निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी डा० ए०के० वर्मा अनुपस्थित पाए गए। केन्द्र की साफ-सफाई एवं अभिलेख व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। यहां 31 ओपीडी दर्ज की गई थीं, जबकि सामान्यतः 15-20 मरीज प्रतिदिन आते हैं। फार्मासिस्ट को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु निर्देश जारी किए गए।


प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिसावर (सादाबाद) की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। यहां साफ-सफाई, दवा उपलब्धता एवं सेवाएं मानक अनुरूप थीं। जन आरोग्य मेले में 42 मरीजों का उपचार किया गया तथा प्रतिदिन लगभग 37-40 मरीजों की ओपीडी होती है। प्रसव कक्ष का निरीक्षण भी किया गया, जहां प्रतिमाह लगभग 35-40 प्रसव होते हैं। दवाओं की उपलब्धता पूर्ण पाई गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सादाबाद में इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डा० नीरज कुमार अपनी निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके माह अप्रैल 2026 के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है। साथ ही, संबंधित अधिकारी को उनके अनुपस्थित रहने के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों को निर्देशित किया कि जन आरोग्य मेलों के माध्यम से आने वाले मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा साफ-सफाई एवं दवा उपलब्धता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here