हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के बेनीराम बाग में निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय एक 45 वर्षीय महिला मजदूर की सीढ़ियों से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नया नगला विष्णुपुरी निवासी 45 वर्षीय गुड्डी देवी पत्नी रूप किशोर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। वह एक ठेकेदार के साथ बेनीराम बाग स्थित एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीढ़ियों से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और मकान स्वामी ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









