हाथरस।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए शैक्षिक सत्र के अवसर पर “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 6 से 14 वर्ष की आयु के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक प्रदेशभर के सभी जनपदों में चलाया जा रहा है, इसी क्रम में सोमवार को हाथरस जिले के मुरसान गेट स्थित इंदिरा गांधी मेमोरियल स्कूल के द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का शुभारंभ हाथरस नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
रैली में स्कूली बच्चों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, बच्चों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े नारे लगाते हुए लोगों को अपने बच्चों का नामांकन स्कूलों में कराने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान “हर घर दस्तक” कार्यक्रम चलाकर ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी, जो अभी तक स्कूल नहीं जा रहे हैं।
साथ ही अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में मिलने वाली निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह सके।









