हाथरस। हाथरस लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने सोमवार को दयानतपुर स्थित अपने कार्यालय पर जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और सांसद के समक्ष अपनी फरियाद रखी।
जनसुनवाई के दौरान सांसद ने कई मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा सत्र समाप्त होने के बाद वह प्रत्येक सोमवार की तरह अपने कार्यालय पर बैठकर क्षेत्र की जनता की समस्याएं सुन रहे हैं।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि क्षेत्र के लोग अपनी विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं, जिनका समाधान कराने के लिए वह लगातार प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अपना समय निकालकर कार्यालय तक आती है, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के समर्थन से वह संसद तक पहुंचे हैं, उनकी सेवा करना उनका कर्तव्य है। जनता की समस्याओं का समाधान होने से उन्हें भी संतुष्टि मिलती है।









