हाथरस। जनपद में मारपीट की शिकार एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। सोमवार को यह मामला उस समय सामने आया जब थाना सासनी क्षेत्र के गांव बरसे निवासी संगीता पत्नी संजय अपनी दोनों बेटियों के साथ सांसद कार्यालय पहुंची और आपबीती सुनाई।
पीड़ित महिला ने बताया कि 2 मार्च को गांव में नाली के विवाद को लेकर दबंग गौरी शंकर और उसके परिजनों ने उन पर और उनकी बेटी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी बेटी को मुंह में गंभीर चोट आई, जिसकी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने सत्ता पक्ष के प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उल्टा उनके ही परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया, जिससे उन्हें लगातार डर और दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग लोग उन्हें और उनकी बेटियों को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट रहे हैं।
महिला ने सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे नारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बेटियां ही सुरक्षित नहीं हैं तो ऐसे नारों का क्या मतलब रह जाता है। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित महिला व उसकी बेटियों को न्याय मिल पाता है या नहीं।









