सिकंदराराऊ।हाथरस जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सिकंदराराऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर में फ्लैग मार्च किया।
यह फ्लैग मार्च कोतवाली परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहा।
मीडिया से बातचीत के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस तरह के फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून तोड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में भरोसा बढ़ा है और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है।









