संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

0
1

 

हाथरस। संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक के किनारे 28 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने घटना को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है।

थाना हाथरस गेट क्षेत्र के सिकन्दराराऊ रोड स्थित मथुरा-कासगंज रेल मार्ग का है, जहां गांव रतनगढ़ी के निकट गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे गेटमैन को दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

कुछ देर बाद मृतक की पहचान हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव कलवारी निवासी डोरी लाल का 28 वर्षीय पुत्र गौरव घर से टहलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।

गुरुवार सुबह परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि गौरव का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। यह खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। मृतक के पिता डोरी लाल ने बताया कि गौरव मेडिकल लाइन में कार्य करता था और उसने करीब तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि वह घर से लगभग 10 किलोमीटर दूर कैसे पहुंचा।

परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here