हाथरस जनपद के चर्चित पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल की रात जमीनी विवाद के चलते आरोपियों ने पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा की पीट पीटकर हत्या कर दी थी और हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने पत्रकार के शव को घर से करीब 30 किलोमीटर दूर ले जाकर गंदे नाले में फेंक दिया था।
7 अप्रैल को थाना सहपऊ क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित गंदे नाले से शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक पत्रकार थाना सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली वाला चौक का निवासी था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विशेष टीमों का गठन किया है, जो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









