हाथरस। भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के नेतृत्व में शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। किसानों ने मुरसान के गांव पीहरी माजरा ताजपुर में भू-माफिया की शिकायत करते हुए मंदिर निर्माण रोकने की मांग उठाई, साथ ही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर की।
किसानों ने बताया कि अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण उनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस दौरान किसानों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की मांग की।
जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के जिला अध्यक्ष ठाकुर आशीष सिंह के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत कराया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसान मौजूद रहे।









