सिकंदराराऊ नगर में शनिवार को वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में वार्ष्णेय समाज के कुल प्रवर्तक श्री अक्रूर जी महाराज की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर प्रभात फेरी, विचार गोष्ठी, महिला संगीत, शोभायात्रा और प्रीतिभोज सहित विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मोहल्ला बारहसैनी स्थित अक्रूर पार्क में अक्रूर जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पूजन और आरती के साथ हुई।
इसके बाद सुबह 7 बजे श्री मंदिर बनिया बारहसैनी से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची। प्रभात फेरी के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और पुष्प वर्षा के साथ जलपान की व्यवस्था की गई।
प्रातः 10 बजे श्री राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने अक्रूर जी महाराज के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। शाम को महिला संगीत कार्यक्रम और रात्रि में प्रीतिभोज का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के महामंत्री राज वार्ष्णेय ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। पूरे दिन चले इन आयोजनों ने नगर में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।









