हाथरस। शनिवार को कोतवाली सदर में एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह की अध्यक्षता में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के आयोजन को लेकर समाज के गणमान्य लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। समाज के लोगों के साथ विचार-विमर्श करते हुए शोभायात्रा के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग निर्धारण जैसे मुद्दों पर सहमति बनाई गई।
इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती के अवसर पर शहर में बाइक रैली के रूप में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद 28 अप्रैल को बाबा साहब की एक भव्य एवं विशाल शोभायात्रा शहर में धूमधाम के साथ निकाली जाएगी।
बैठक में लल्लन बाबू एडवोकेट, विश्व प्रताप उर्फ बंटी भैया, पंकज प्रेमाकर, सुनील कुमार, भगवान सिंह भारती, सरदार सुरजीत सिंह, ललित कुमार विमल, लोकेंद्र कुमार, शम्मी गौतम, डॉ. राहुल कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









