सिकंद्राराऊ थाना क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित एवीएन कॉलोनी निवासी भाजपा नगर महामंत्री प्रवीण वार्ष्णेय उर्फ डॉबी सोमवार को एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। गनीमत रही कि हादसे में वह अपने परिवार सहित सुरक्षित बच गए, हालांकि सभी को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल को प्रवीण वार्ष्णेय अपने परिवार के साथ नोएडा से सिकंद्राराऊ लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार जीटी रोड पर खैर क्षेत्र के टकीपुर के पास पहुंची, तभी अचानक गाड़ी का कंडक्टर साइड का टायर फट गया। टायर फटते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। हादसे के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद प्रवीण वार्ष्णेय ने फोन के माध्यम से सिकंद्राराऊ के लोगों को अपनी कुशलता की जानकारी दी और बताया कि वह व उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है।









