हाथरस।पुलिस ने पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी टीम और थाना कोतवाली नगर व सहपऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो इनामी आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला 6 अप्रैल 2026 की रात का है, जब पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या कर दी गई थी। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने मकान हड़पने की नियत से इस वारदात को अंजाम दिया था। 7 अप्रैल को पीड़िता की बहन ने थाना हाथरस गेट पर तहरीर देकर मामला दर्ज कराया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया, जिनमें एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय थाना पुलिस शामिल थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही कई आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आज 13 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि दो इनामी आरोपी शौर्य उपाध्याय और कृष्णा जाटव भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने अलीगढ़-आगरा बाईपास के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।







