हाथरस।कस्बा सासनी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में भीम अनुयायियों ने भाग लेकर बाबा साहेब के आदर्शों को याद किया।
प्रभात फेरी का शुभारंभ कस्बे के पारस सिनेमा हॉल से हुआ, जो मुख्य मार्गों से गुजरते हुए इगलास रोड स्थित पानी की टंकी पर जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में “जय भीम” के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बसपा के हाथरस विधानसभा प्रभारी संजय सिंह उर्फ संजय भैया के छोटे भाई विनोद कुमार ने भाग लिया और बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता महेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व डीजीसी क्रिमिनल एडवोकेट वतन सिंह, एडवोकेट मधुकर नगायच, एडवोकेट संजीव कुमार और डॉ. सत्यप्रकाश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रभात फेरी में सासनी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन और भी भव्य बन गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराया।
समापन स्थल पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान और भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।







