जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जीआरटीएस फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का किया औचक निरीक्षण

0
43

 

हाथरस।जनपद में औद्योगिक इकाइयों की व्यवस्थाओं, उत्पादों की गुणवत्ता और कर्मचारियों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील सासनी क्षेत्र में अलीगढ़ रोड स्थित जीआरटीएस फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंपनी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कंपनी में कार्यरत स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त की। कंपनी प्रबंधन द्वारा बताया गया कि अस्थायी कर्मचारी प्रतिदिन कार्य के लिए आते हैं और उनके माध्यम से कार्य संपादित कराया जाता है।

जिलाधिकारी ने उत्पाद निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपाय, मशीनरी और उत्पादन प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही कर्मचारियों के वेतन, भुगतान, श्रम सुरक्षा उपकरणों और अन्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों—चाहे स्थायी हों या अस्थायी—को नियमानुसार समयबद्ध वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्पादों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को कंपनी के अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
इस निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सासनी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here