हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड पर एक रोडवेज बस चालक ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय रितेश पुत्र लक्ष्मी, निवासी बरला, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितेश अपनी बुआ के घर हाथरस आया हुआ था और वापस बाइक से अलीगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ रोड स्थित तहसील के पास एक रोडवेज बस ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे तुरंत हाथरस पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, रितेश नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, रोडवेज बस को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।









