हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव बरी का नगला में अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
खेतों से उठता धुआं देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिकंदराराऊ क्षेत्र के नगला जलाल फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार राकेश शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में करीब 10 बीघा फसल के नुकसान की पुष्टि हुई है।

प्रशासन द्वारा किसानों की क्षति का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित किसानों को जल्द ही मुआवजा दिलाया जाएगा।









