हाथरस। हाथरस से मथुरा की ओर जा रही ट्रेन से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 पुलिस पहुंच गई। वहीं आरपीएफ के पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना मुरसान क्षेत्र के दुलारी चौकी के निकट कासगंज से मथुरा की ओर जा रही ट्रेन जैसे ही मुरसान फाटक के पास पहुंची, तभी करीब 40 वर्षीय जुली पत्नी बंटी निवासी विजय नगर गाजियाबाद ट्रेन से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और कुछ देर के लिए ट्रेन भी रुक गई। ट्रेन में तैनात आरपीएफ कर्मियों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिजन हाथरस के लिए गाजियाबाद से रवाना हो गए।









