हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर में बीती देर रात एक दर्दनाक हादसे में थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय प्रमोद पुत्र कुमार पाल निवासी सलेमपुर, किसानों के खेतों में गेहूं निकालने का काम करता था। घटना उस समय हुई जब वह एक खेत में थ्रेसर मशीन पर काम कर रहा था, तभी अचानक उसका हाथ मशीन में फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है। बताया गया है कि प्रमोद अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और एक मासूम बच्ची को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।









